किस्त 02 – अपमान का पहला पाठ

सभी किस्तें

गरिमा का बोझ · किस्त 02 / 55

अपमान का पहला पाठ

रछपाल सहोता

सोमवार, 9 नवंबर 2026

चित्र लेखक के निर्देशन में एआई की मदद से बनाया गया है।

अध्याय 2

“वो देख, वो स्कूल है। और जो मेज़ पर बैठा है, वो मास्टर जी हैं,” स्कूल के पास पहुँचकर हिम्मत ने जग्गी को इशारे से बताया।

जग्गी की उत्तेजना बढ़ गई। उसका दिल तेजी से धड़कने लगा।

“हम… हम… हम ले… ले… लेट तो नहीं हुए?” जग्गी ने घबराहट से पूछा।

“नहीं, घंटी अभी नहीं बजी,” हिम्मत ने जवाब दिया।

जग्गी ने स्कूल के अंदर झाँककर गेट के पास मेज़ पर बैठे मास्टर जी को गौर से देखा। वे नीले रंग की पगड़ी पहने हुए थे और हल्के नीले कुर्ते और पजामे में थे। मास्टर जी जग्गी के पिता से बड़े और लंबे कद के लग रहे थे।

स्कूल का बड़ा-सा आँगन, जिसे जग्गी ने कई बार बाहर से देखा था, आज अंदर आकर उसे कुछ नया-सा लग रहा था। वह नर्वस था; उसके पैर मानो रुक रहे थे। बिना कुछ सोचे उसने हिम्मत की कमीज़ को कसकर पकड़ लिया।

मास्टर जी के पास बाईं ओर बच्चों की एक कतार बैठी थी। जग्गी ने सोचा, “क्या ये बच्चे मेरे साथ खेलेंगे?” तभी उसकी नज़र कतार के आखिर में बैठे बंते पर पड़ी। बंता सरपंच का बेटा था। उसे देखकर जग्गी अचानक घबरा गया। जग्गी बंते को अक्सर गुरुद्वारे में देखता था। बंता और उसके दोस्त शरारती थे और गुरुद्वारे में दौड़ते-भागते रहते थे। वे भले ही भाई जी की डाँट सुन लें, लेकिन रुकने का नाम नहीं लेते थे। जग्गी डरने लगा कि कहीं उसे बंते के पास बैठना न पड़े।

एक और कतार मास्टर जी के दाहिनी ओर थी। “शायद मैं वहाँ बैठ सकता हूँ,” जग्गी ने सोचा। लेकिन वह हिम्मत के पास ही बैठना चाहता था। बरामदे में बड़े बच्चे बैठे थे, और सबसे आखिर में दो कमरे थे। उनके अंदर झाँकते हुए बच्चे और भी बड़े लग रहे थे।

जग्गी और हिम्मत मास्टर जी के मेज़ के पास जाकर खड़े हो गए। मास्टर सुरजीत सिंह ने उनकी ओर देखा। वे हिम्मत को पहचानते थे, लेकिन दूसरे नन्हे बच्चे को देखकर समझ गए कि वह नया था।

“मास्टर जी, इसका नाम रजिस्टर में लिख लो,” हिम्मत ने कहा।

उन दिनों स्कूल में दाखिले के लिए दस्तावेज़ों की ज़रूरत नहीं होती थी। कोई भी बड़ा बच्चा या परिवार का सदस्य बच्चे के साथ आकर उसकी ज़रूरी जानकारी दे देता था, जैसे उसका नाम, जन्म तिथि, और माता-पिता के नाम। यह जानकारी बच्चे का स्थायी रिकॉर्ड बन जाती थी, जो आगे उसकी पढ़ाई और नौकरी के लिए ज़रूरी होता। बिंदो और तेजा ने यह ज़रूरी नहीं समझा कि वे जग्गी के साथ स्कूल आएँ। बिंदो को पूरा भरोसा था कि जग्गी खुद जानकारी देने में सक्षम होगा, और फिर हिम्मत भी तो उसके साथ था ही।

“पुत्र, तेरा नाम क्या है?” मास्टर सुरजीत सिंह ने बच्चे से पूछा।

मास्टर जी की बात सुनते ही आस-पास बैठे बच्चों ने जिज्ञासा से नज़रें उठाईं।

“जी, ज… ज… ज…जग्गी,” बच्चे ने घबराहट में कहा।

बच्चों की ओर से ज़ोर का ठहाका गूंजा, और जग्गी शर्म के मारे और छोटा-सा हो गया।

“इधर आओ, बेटा। कोई बात नहीं, आज तुम्हारा पहला दिन है,” मास्टर जी ने उसे सांत्वना देते हुए अपने पास बुलाया।

जग्गी ने डरते हुए हाँ में सिर हिलाया।

“तुम्हारे पिता का नाम क्या है?”

“जी ते…ते…ते…”

जग्गी पूरी बात कह पाता, इससे पहले बच्चों का फिर से ज़ोर का ठहाका गूंजा।

“चुप, सब चुपचाप अपने काम में लगो!” मास्टर जी की कड़क आवाज़ से सारा माहौल शांत हो गया।

“अपने बापू जी से कहना कि कल मुझसे आकर मिलें। ठीक है?” मास्टर जी ने कहा।

जग्गी ने सहमते हुए सिर हिला दिया।

“अब तुम दोनों अपनी-अपनी कक्षा में जाओ। और बेटा, वह रही तुम्हारी कक्षा,” मास्टर जी ने पहली कक्षा की ओर इशारा करते हुए कहा, जहाँ बंता बैठा था।

हिम्मत जब बरामदे में अपनी कक्षा की ओर बढ़ा, तो अकेले रह जाने के अहसास से जग्गी का दिल काँप गया। जब वह जाकर बंते के पास बैठा, तो उसका दिल तेज़ी से धड़क रहा था।

“ये हकला है,” बंता ने अपने दोस्तों से कहा। आसपास के बच्चों का दबा-दबा सा हँसी का फव्वारा जग्गी के कानों में पड़ा।

हर सुबह, पहली कक्षा को वर्णमाला सिखाने की बारी तीसरी और चौथी कक्षा के छात्रों की होती थी। पहली कक्षा के बच्चे पट्टियों पर अक्षर लिखते थे। सिखाने वाला विद्यार्थी पहले पेंसिल से पट्टी पर अक्षर उकेरता, और सीखने वाले को उस पर स्याही से कलम फेरनी होती थी। जग्गी को यह ज़िम्मेदारी हिम्मत को सिखाने के लिए दी गई। जग्गी ने बहुत ध्यान से अक्षर उकेरते हुए देखा, और जब हिम्मत ने पट्टी उसे वापस दी, तो वह बड़ी सावधानी और शुद्धता के साथ अक्षरों पर स्याही फेरने लगा। ऐसा लग रहा था जैसे उसे पहले से ही अक्षरों की पहचान हो।

“तुझे पैंतीसाखड़ी आती है?” हिम्मत ने पूछा।

“हाँ,” जग्गी ने सिर हिलाया।

उसे सारे अक्षरों की पहचान थी; उसकी माँ ने उसे पहले ही पूरी वर्णमाला सिखा दी थी।

“जब तू इसे पूरा कर ले, तो पट्टी को सुखाने के लिए दीवार के सहारे खड़ा कर देना। उसे धोने से पहले, थोड़ी देर के लिए मानीटर इसे देखेगा,” हिम्मत ने समझाया और चला गया।

जग्गी खुशी-खुशी जल्दी से पट्टी खत्म करके दीवार के सहारे खड़ी करने के लिए उठा। लेकिन तभी बंता भी उठकर खड़ा हुआ और उसने जग्गी को धक्का दे दिया। जग्गी का पैर फिसला और उसका पैर अपनी ही स्याही की दवात से टकराया। उसकी पट्टी, दायां सैंडल और पूरी टांग स्याही से सन गए। उसे गुस्सा आ गया, और उसने बंते को ज़ोर से धक्का दे दिया। बंता ज़मीन पर गिर पड़ा, और उसके गिरने की आवाज़ ने अध्यापक और सभी छात्रों का ध्यान खींच लिया। अध्यापक ने इधर-उधर बिखरी स्याही देखी, तो जग्गी को अपने पास बुलाया। मास्टर जी तक पहुँचने की लम्बी यात्रा करते हुए जग्गी को अपने ऊपर टिकी बच्चों की आँखों का पूरा एहसास था।

“तूने यह क्यों किया?” मास्टरजी ने सख्त लहज़े में पूछा।

जग्गी को अपने हकलाने और होने वाले मज़ाक की याद थी, इसलिए वह चुप रहा।

सुरजीत सिंह ने अपना सवाल दोहराया, लेकिन जग्गी कुछ नहीं बोला। “अच्छा, यह बात है!” मास्टरजी बोले। “ठीक है, पाँच मिनट के लिए मुर्गा बन जा!”

जग्गी को नहीं पता था कि “मुर्गा बनना” का क्या मतलब होता है। उसकी उलझन देखकर मास्टरजी ने बंते को इशारे से बुलाया।

“इसे दिखा, मुर्गा कैसे बनते हैं!”

“अंधे को और क्या चाहिए – दो आँखें?” बंते के चेहरे पर एक शरारती मुस्कान चमक उठी।

वह आगे बढ़ा, झुका, और पूरी ताकत से अपने पैरों के बीच से हाथ निकालकर कान पकड़ लिए। फिर, इस स्थिति को और कठिन बनाने के लिए, उसने अपनी कमर जितना ऊपर उठा सकता था, उतना उठा लिया।

जग्गी मुर्गा बन गया। यह उसके लिए यह मुश्किल से ज्यादा शर्म की बात थी। हालाँकि, मास्टर सुरजीत सिंह ने उसे दो मिनट बाद वापस सीट पर भेज दिया, लेकिन जो होना था, वह हो चुका था। पूरा स्कूल उसके अपमान का गवाह बन चुका था, और अब उसका यहाँ एक मिनट भी और रुकने का मन नहीं था।

लिखने के बाद, बच्चे पट्टियाँ धोने और उन पर दोबारा गाची का लेप करने के लिए तालाब पर जाया करते थे, और वापस आ कर सुखाने के लिए दीवार से टिका देते थे। कुछ बच्चे पट्टियों को जल्दी सुखाने के लिए हवा में घुमाते हुए यह कविता गाते:

“सूरजा सूरजा, पट्टी सुखा,
आज तेरी मंगनी, कल तेरा ब्याह!”

जग्गी का भी पट्टी घुमाने और गीत गाने का मन हुआ, लेकिन उसने अपनी पट्टी नीम के पेड़ के सहारे खड़ी कर दी और चुपचाप एक तरफ बैठ गया। उनके घर के सामने भी एक नीम का पेड़ था। जग्गी को उस पर चढ़ने का बहुत शौक था। उसकी माँ नहाने के लिए नीम के पत्तों का साबुन बनाया करती थी।

“नीम के साबुन से नहाने से शरीर पर फोड़े-फुंसी नहीं होते,” उसकी माँ कहती थी। लेकिन यह नीम का पेड़ जग्गी को बिल्कुल पसंद नहीं था।

दोपहर की छुट्टी के समय, वह और हिम्मत खाना खाने के लिए स्कूल के आंगन की दीवार के बाहर गए और एक पेड़ के ठूंठ पर बैठ गए।

“तूने बंते को धक्का क्यों मारा था?” हिम्मत ने पूछा।

“उस… उसने मुझ… मुझे पह… पहले धक्का दिया था,” जग्गी ने हकलाते हुए जवाब दिया।

“फिर तूने मास्टर जी को क्यों नहीं बताया?”

जग्गी ने कोई जवाब नहीं दिया, और हिम्मत ने भी दोबारा नहीं पूछा।

अभी उन्होंने खाना खत्म भी नहीं किया था कि हिम्मत के कुछ दोस्त बंटे खेलने के लिए बाहर आ गए।

जग्गी बंटे बहुत अच्छे खेलता था। बंटे खेलने के लिए बच्चे ज़मीन पर एक छोटा-सा गोल घेरा बनाते थे, जिसमें वे अपने-अपने बंटे रखते थे। जीतने के लिए उन्हें अपनी बारी पर एक निश्चित जगह से, थोड़े बड़े साइज़ के बंटे से निशाना लगाकर, घेर में रखे बंटों को बाहर निकालना होता था।

हिम्मत के दो दोस्तों ने हिम्मत और जग्गी के पास आकर बंटे खेलने के लिए कहा।

“हिम्मत, बंटे?” एक ने पूछा।

“बस एक मिनट,” हिम्मत ने कहा।

“जल्दी खत्म कर, हमें भी खेलना है,” हिम्मत ने जग्गी से कहा।

“मेरे पास बं…बंटे नहीं हैं,” जग्गी बोला।

“मेरे पास ज़्यादा हैं,” हिम्मत ने कहा और अपनी जेब से कुछ बंटे निकालकर जग्गी को दे दिए।

दोनों ने झटपट खाना खत्म किया और खेलने में शामिल हो गए।

जग्गी और हिम्मत ने अभी-अभी अपने बंटे घेरे में रखे ही थे कि अचानक भागता हुआ बंता आ गया।

“मुझे भी खेलना है,” कहकर उसने अपने दो बंटे घेरे में रख दिए।

हिम्मत ने उसके बंटे उठाकर दूर फेंक दिए। “चल यहाँ से, जाकर अपने जैसे बच्चों के साथ खेल,” हिम्मत ने पहली कक्षा के बच्चों की ओर इशारा करते हुए कहा।

“फिर यह यहाँ क्यों खेल रहा है?” बंते ने जग्गी की ओर इशारा करते हुए कहा।

“हमारी मर्जी,” हिम्मत ने सख्ती से जवाब दिया।

बंते ने गुस्से से हिम्मत की ओर देखा। हिम्मत उम्र में बड़ा और कद-काठी में भी उससे लंबा था। उसने गुस्से से बंते की ओर घूरकर देखा।

“साला झीयूर,” बंता बड़बड़ाया और गुस्से में अपने बंटे उठाने चल दीया।

जग्गी ने हिम्मत की आँखों में उबलता हुआ गुस्सा देखा, और उसे लगा कि वह बंते के पीछे जाएगा।

लेकिन हिम्मत ने एक गहरी साँस ली और वापस खेल में लग गया।

अगले दिन, जग्गी का पिता तेजा स्कूल आया।

“सत श्री अकाल, मास्टर जी। जग्गी मेरा बेटा है,” तेजा ने अपना परिचय देते हुए कहा।

मास्टर सुरजीत सिंह ने अपने सामने खड़े छोटे कद के व्यक्ति की ओर देखा; उसकी भाषा या वेशभूषा से बिल्कुल नहीं लगता था कि यह आदमी कभी स्कूल के आस-पास भी आया होगा। सुरजीत सिंह ने उससे जग्गी की जन्मतिथि पूछी।

“इस साल यह, आषाढ़ की संक्रांति के अगले दिन छह साल का हो जाएगा,” तेजा ने कहा।

मास्टरजी ने हल्के से सिर हिलाया, कुछ गुणा-भाग किया, और जग्गी की जन्मतिथि लिख ली—‘16 जून, 1978’

“तेजा सिंह, मुझे नहीं लगता कि आपका बेटा अभी स्कूल जाने के योग्य है। इसे तो अपना नाम भी सही से बोलना नहीं आता,” मास्टरजी बोले।

“जगजीत सिंह…हम इसे जग्गी कहते हैं,” तेजा ने असहज होकर जवाब दिया।

तेजा के सामने बिंदो का चेहरा मुरझा गया। जग्गी को स्कूल भेजने को लेकर वह कितनी उत्साहित थी। अगर मास्टरजी ने उसे स्कूल से लौटा दिया, तो बिचारी का क्या होगा?

सुरजीत सिंह को समझ नहीं आ रहा था कि तेजा उसकी बात समझा है या नहीं। इसलिए उसने अपना सवाल फिर से स्पष्ट शब्दों में दोहराया—

“तेजा सिंह, क्या आप इसे स्कूल में दाखिल कराने के लिए एक साल और इंतजार कर सकते हैं?”

“नहीं, हमें इसे अभी दाखिला दिलवाना है,” तेजा तल्ख़ी से बोला। एक पल के लिए उसे अपने दिये गए सख्त जवाब पर गर्व महसूस हुआ।

“जैसी आपकी मर्जी, तेजा सिंह। लेकिन लड़का धीमा है। इस उम्र तक बच्चे अच्छी तरह से बोलने लगते हैं,” मास्टरजी ने फिर से अपनी बात रखी।

“डॉक्टर ने कहा है कि जग्गी कुछ सालों में बेहतर बोलने लगेगा,” तेजा ने जवाब दिया।

“हर बच्चे की सीखने और बोलने की अपनी रफ़्तार होती है। आपके बेटे को बाकी बच्चों की तुलना में सीखने में दिक्कत आएगी,” मास्टरजी ने समझाया।

मास्टरजी की बात सुनकर तेजा चिंता में पड़ गया। उसे जग्गी पर कितना गर्व था! जो अभी पूरा नौ महीनों का भी नहीं हुआ था, वह चलने लगा था। उसमें होशियारी के सारे लक्षण थे, वह हर चीज़ दूसरे बच्चों की तुलना में जल्दी सीखता था। लेकिन उसे बोलने में कठिनाई हो रही थी। जब वह चार साल का हुआ, तो उन्हें पता चला कि उसे हकलाने की समस्या है। तेजा जग्गी को डॉक्टर खैहरा के पास ले गया था। डॉक्टर खैहरा ने बताया कि जग्गी को “आयु-संबंधी हकलाने” की समस्या है, जो बड़े होने के साथ ठीक हो सकती है। लेकिन इसका जग्गी के होशियार या कमजोर होने से कोई लेना-देना नहीं था। तेजा के दिमाग में जग्गी बाकी बच्चों से कहीं ज्यादा तेज था।

“जग्गी होशियार है,” तेजा ने कहा, लेकिन सुरजीत सिंह को उसकी बात पूरी तरह समझ नहीं आई।

“चिंता मत करो, तेजा सिंह,” सुरजीत सिंह बोले, “अब इसे मुझ पर छोड़ दो। मैं खुद देख लूंगा।”

तेजा उठकर जाने ही वाला था कि सुरजीत सिंह को कल हुई लड़ाई की बात याद आ गई। उसने तेजा को इस बारे में बताया। तेजा को सुनकर बहुत अजीब लगा। उसका जग्गी तो ऐसा बिल्कुल नहीं था! लेकिन उसने मास्टर से कुछ नहीं कहा।

जब जग्गी स्कूल से घर पहुँचा, तो तेजा ने उसकी बंते की साथ लड़ाई वाली बात छेड़ी। जग्गी ने पूरी घटना बता दी। जब उससे पूछा गया कि उसने यह सब मास्टर को क्यों नहीं बताया, तो जग्गी ने सिर झुकाकर नीचे देखना शुरू कर दिया।

बिंदो की नज़र जब उसके नन्हे, काँपते शरीर पर पड़ी, तो उसे अचानक समझ आ गया कि बात क्या हो सकती है। उसे अपना बचपन याद आ गया—कैसे नीची जाति से होने का एहसास हमेशा उसे हीनभावना और डर में जीने पर मजबूर करता था। कैसे कई बार वह सही होने के बावजूद अपनी बात पर अड़ नहीं पाई थी। इतनी मेहनत के बावजूद, उसका बच्चा सिर्फ अपनी जाति की वजह से खुद को बेबस और असहाय महसूस कर रहा था।

आँखों में आँसू भरे हुए, उसने उठकर जग्गी को अपनी बाहों में भर लिया। “चिंता मत कर बेटा, तू उन सबसे ज्यादा होशियार है।”

← पिछली किस्त  · सभी किस्तें

अगली किस्त 03 — बराबरी की कीमत →
12/11/2026 को प्रकाशित होगी

रछपाल सहोता