किस्त 03 – बराबरी की कीमत

सभी किस्तें

गरिमा का बोझ · किस्त 03 / 55

बराबरी की कीमत

रछपाल सहोता

गुरुवार, 12 नवंबर 2026

पिछली किस्त में

स्कूल के पहले दिन जग्गी के हकलाने का मज़ाक उड़ाया जाता है। बंते के धक्के का जवाब देने पर सज़ा भी जग्गी को ही मिलती है। मास्टर उसके दाखिले को एक साल टालने की सलाह देता है, लेकिन तेजा नहीं मानता। घर लौटने पर बिंदो जग्गी को गले लगाकर भरोसा दिलाती है कि वह किसी से कम नहीं है।


अध्याय 3

तेजा एक मेहनती इंसान था, जिसकी पूरी दुनिया उसके मवेशियों, खेत, घर, और खेत से घर तक के आधे मील के रास्ते तक सिमटी हुई थी। उसकी सामाजिक ज़िंदगी केवल बस्ती में किसी की मृत्यु या धार्मिक आयोजन में शामिल होने तक ही सीमित थी। किसी भी प्रकार के उत्सव में भाग लेना उसे पसंद नहीं था। वह शादी-ब्याह में भी केवल तब जाता था जब उसका जाना ज़रूरी हो, और वहाँ भी न तो शराब पीता और न ही मौज-मस्ती करने वालों के पास बैठता।

तेजा के दादा अंग्रेज़ फौज में जमादार थे। फौज से खाने-पीने और अन्य ज़रूरतों का ख़र्च मिलने के कारण वे अपनी पूरी तनख्वाह बचा लिया करते थे। धीरे-धीरे उन्होंने अपनी बचत और दूरदृष्टि के बल पर एक सुंदर घर बना लिया, जहाँ अब उनका पोता, तेजा, रह रहा था। यह घर गाँव और बस्ती के बीच की मुख्य सड़क के पास था और बस्ती का पहला घर होने के कारण बस्ती की पहचान में चार चाँद लगा रहा था।

जब बिंदो शादी के बाद इस घर में आई, तो उसने फ्लश वाले शौचालय लगाने का सुझाव दिया। जहाँ लोग अब भी खुले में या झाड़ियों के पीछे शौच के लिए जाते थे, यह घर एक अनोखी बात थी। यह सुविधा केवल बस्ती में ही नहीं, बल्कि पूरे गाँव में किसी के पास नहीं थी।

तेजा पढ़ा-लिखा नहीं था, लेकिन उसका एक पढ़ा-लिखा दोस्त था, प्रोफेसर तारा सिंह। तारा सिंह तेजा से दो महीने छोटा था। उनकी दोस्ती कई कारणों में अनोखी थी और सबका ध्यान खींचती थी। तेजा की तुलना में तारा सिंह जाट परिवार से था और काफी ज़मीन का मालिक था। उसने इंग्लैंड की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पीएचडी की थी और पंजाब की एक प्रसिद्ध यूनिवर्सिटी में भूगोल का प्रोफेसर था।

इस असाधारण दोस्ती की शुरुआत शायद तब हो चुकी थी जब तेजा और तारा दोनों का जन्म भी नहीं हुआ था। तेजा का पिता, हरी, तारा के पिता के खेतों में काम करता था। तारा के माता-पिता जात-पात का भेदभाव नहीं करते थे और कभी भी अपने काम करने वालों को घर में प्रवेश करने से नहीं रोकते थे। यह बात गाँव के अन्य जाटों को खटकती थी। कभी-कभी तेजा अपने पिता के साथ तारा के घर चला जाता और दोनों बच्चे प्यार से साथ खेलते।

जब तारा ने स्कूल जाना शुरू किया, तेजा को स्कूल जाते कुछ दिन हो चुके थे। तेजा उसे देखकर बहुत खुश हुआ और स्कूल के बाद उसके साथ तारा के घर चला गया। तेजा की माँ उसे ढूँढते-ढूँढते तारा के घर पहुँची।

“आप थोड़ा दूध लेंगी?” तारा की माँ ने पूछा।

“जी, मैं अपना गिलास साथ लेकर नहीं आई,” तेजा की माँ ने संकोच से कहा।

“ऐसी बातों की हमारे घर में कोई जगह नहीं है। आप बैठें, मैं दूध लाती हूँ,” तारा की माँ ने कहा। जब तेजा की माँ ज़मीन पर बैठने लगी, तो तारा की माँ ने उसे रोक दिया। “बहन जी, चारपाई पर बैठें।”

तेजा की माँ को किसी जाट के घर में ऐसा आदर-सत्कार कभी नहीं मिला था। उसने कभी सोचा भी नहीं था कि कोई जाट महिला उसे ‘बहन जी’ कहकर बुलाएगी। वह संकोच के साथ चारपाई पर बैठ गई।

“तेजा जब चाहे हमारे घर आ सकता है। देखिए, दोनों बच्चे कितने प्यार से खेल रहे हैं,” तारा की माँ ने कहा।

कुछ सालों बाद, तारा के पिता को लकवा मार गया। वे बच तो गए, लेकिन उनकी सेहत पहले जैसी नहीं रही। उन्होंने खेती छोड़ने का फैसला किया और अपनी ज़मीन हरी को वटाई पर दे दी। जाट ज़मींदार के लिए अपनी ज़मीन वटाई पर देना कोई नई बात नहीं थी, लेकिन गाँववालों को यह बात बहुत चुभी कि उन्होंने अपनी ज़मीन एक दलित को दे दी। पहली बात तो यह कि कीरों के पास आर्थिक क्षमता ही नहीं होती थी कि वे स्वतन्त्र रूप में खेती कर सकें। दूसरी बात यह कि एक कीरा अगर उनकी बराबरी करने की कोशिश करे, तो जाटों के लिए इसे सहन करना बहुत मुश्किल था।

तारा के पिता से खेत के सारे उपकरण भी हरी को दे दिए—”तुम मुझे इसकी कीमत धीरे-धीरे चुका देना,” उसने बोला।

शायद तारा के परिवार के साथ संगत में रहने से तेजा और पढ़-लिख जाता, लेकिन हरी को खेती में मदद के लिए तेजा की ज़रूरत थी। इसलिए तेजा ने पाँचवीं के बाद स्कूल छोड़ दिया और अपने पिता के साथ खेती करने लगा। तारा ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और कॉलेज पूरी कर ली। तारा कॉलेज में ही था जब उसके पिता की मृत्यु हो गई। उसे रोड्स स्कॉलरशिप मिल गई और वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पीएचडी करने चला गया।

जब तारा इंग्लैंड में था, तेजा की शादी बिंदो से हो गई, और कुछ ही समय बाद तेजा के पिता हरी की भी मृत्यु हो गई। इस सबके बावजूद, तारा ने तेजा को अपनी ज़मीन बटाई पर दे रखी थी और उनकी दोस्ती बरकरार रही।

तेजा अपनी अच्छी किस्मत से बहुत खुश था। उसकी ज़िंदगी बस्ती वालों से कहीं बेहतर थी। उसकी पत्नी खूबसूरत और पढ़ी-लिखी थी, उनके पास एक सुंदर घर था, और खाने-पीने की कोई कमी नहीं थी। सबसे बड़ी बात यह थी कि उसके बेटे को किसी भी चीज़ की कमी नहीं थी।

शादी के कुछ ही समय बाद, बिंदो ने महिलाओं के कपड़े सिलने का काम शुरू कर दिया। आमतौर पर गाँव की जाट औरतें बस्ती में पैर नहीं रखती थीं, लेकिन बिंदो का घर सड़क के बिल्कुल पास था और वह बाकी जाटों के घरों से किसी भी तरह छोटा या साधारण नहीं था। धीरे-धीरे औरतों ने वहाँ आना शुरू कर दिया—कपड़े सिलवाने और तैयार कपड़े लेने के लिए। बहुत जल्द बिंदो ने गाँव की दर्जिन के रूप में अपनी जगह बना ली और उसे काफी काम मिलने लगा।

बिंदो अपने घर और खुद को आने वाली जाट औरतों से भी ज्यादा साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखती थी, और हर आने-जाने वाली को चाय-पानी के लिए पूछती थी। इसके बावजूद, बहुत-सी जाट औरतों के लिए यह बात हज़म करना मुश्किल था कि बिंदो एक कीरी थी। बेशक वे उससे अच्छे से बातें करतीं, उसकी चारपाई पर बैठकर गप्पें भी मारतीं, लेकिन उसके घर की चाय-पानी पीने से साफ इनकार कर देतीं।

एक दिन, बस्ती की एक लड़की बिंदो के पास एक चिट्ठी पढ़वाने आई। वह चिट्ठी उसके मायके से आई थी, लेकिन उसे खुद पढ़ना नहीं आता था।

“मैं इस बार तेरी चिट्ठी पढ़ देती हूँ, लेकिन वादा कर कि तू पढ़ना और लिखना सीखेगी। मैं तुझे सिखाऊँगी। मंज़ूर है?” बिंदो ने उससे कहा।

पढ़ सकने की कल्पना से वह औरत इतनी उत्साहित हो गई कि बिंदो की शिष्या बन गई। उससे प्रेरित होकर कई और महिलाएँ बिंदो के पास पढ़ने आने लगीं। आख़िरकार, बिंदो को बाकायदा एक कक्षा शुरू करनी पड़ी, जो हफ़्ते में तीन बार, एक-एक घंटे के लिए चलती थी। बिंदो ने उनसे फीस माँगी—लेकिन पैसों में नहीं, बल्कि समय के रूप में। उन महिलाओं को बस्ती की गलियाँ और आसपास की जगह साफ करने में उसकी मदद करनी थी। बिंदो के हौसले और लगातार प्रोत्साहन से धीरे-धीरे बस्ती की औरतों और युवाओं का एक समूह बन गया, जो सफ़ाई का ध्यान रखता और जगह-जगह खूबसूरत पौधे व पेड़ लगाकर उनकी देखभाल करता। धीरे-धीरे उन्होंने एक शानदार परिदृश्य (लैंडस्केप) बना दिया, जो सिर्फ बस्ती के लिए ही नहीं, बल्कि बाकी गाँवों के लिए भी एक मिसाल था।

बिंदो की ये गतिविधियाँ कई जाटों के लिए जलन और गुस्से का कारण बन गईं। उन्हें लगता था कि एक कमज़ात औरत खुद को उनसे बेहतर दिखाने की कोशिश कर रही थी। कुछ तो उसे उसकी “असलियत” दिखाने पर अड़े हुए थे। एक बार, बिंदो को किसी के घर सिलाई किए हुए कपड़े पहुँचाने जाना था। उस घर में एक बच्चा जग्गी की कक्षा में पढ़ता था, और जग्गी ज़िद करके बिंदो के साथ चल पड़ा। पहले भी वह कई बार उसके साथ ऐसे गया था, और कभी कोई समस्या नहीं आई थी। औरतें आपस में बातें करने में व्यस्त हो जाती थीं, और बच्चे अपने खेल में।

उस दिन भी कुछ ऐसा ही हुआ—औरतें बातचीत में लग गईं और बच्चे एक चारपाई पर बैठकर खेलने लगे। बिंदो सिलाई के पैसे ले रही थी और चाय पी रही थी, तभी घर का मालिक किसी काम से अंदर आया। जग्गी को अपने बेटे के साथ चारपाई पर खेलते देख वह आग-बबूला हो गया। “साले हरामज़ादे कीरे! तेरी हिम्मत कैसे हुई एक जाट की चारपाई पर बैठने की?” यह कहते हुए उसने जग्गी को कॉलर से पकड़कर चारपाई से नीचे फेंक दिया।

बिंदो का गुस्सा जैसे आसमान छू गया। ज़िंदगी में पहले कभी उसने इतनी तेज़ जलन महसूस नहीं की थी। उसने झटके से हाथ में पकड़ा गिलास ज़मीन पर इतनी ज़ोर से पटका कि उसमें दरार पड़ गई, और चाय चारों ओर फैल गई। बिना पैसे लिए, उसने झटपट जग्गी को उठाया और वहाँ से बाहर निकल आई। बाद में बिंदो को पता चला कि वह जाट उन्हीं लोगों में से था, जो बिंदो का कट्टर विरोध करते थे। उसने कसम खा रखी थी कि वह किसी भी हाल में ‘इस कीरी’ को सबक सिखाकर ही मानेगा।

लेकिन हर जाट परिवार ऐसा भेदभाव नहीं करता था। कई जाट औरतें बिंदो की इज़्ज़त करती थीं और उसके साथ बराबरी का व्यवहार रखती थीं। वे उससे कई मामलों में निजी सलाह भी लेती थीं। गाँव के कई आदमी भी बिंदो की मेहनत, ईमानदारी और निडरता की कद्र करते थे।

कुछ तो बिंदो के कारण अपने जाट भाईचारे से टकराने तक से भी नहीं कतराते थे। गाँव के गुरुद्वारे में घटी एक घटना इसका जीता-जागता उदाहरण थी।

गाँव का गुरुद्वारा बाहर सबसे ऊँची जगह पर बना था, और उसके बरामदे में पक्के फर्श पर बैठने की जगह सीमित थी। बिंदो, बिना नागा, हर रविवार जग्गी को गुरुद्वारे लेकर जाया करती थी। आम दिनों में भीड़ ज्यादा नहीं होती थी, इसलिए सभी जातियों के लोग बरामदे में एक साथ बैठ जाया करते थे। लेकिन त्योहारों और खास अवसरों पर अधिक लोग आने के कारण, कीरों को बाहर घास पर बैठना पड़ता था। ऐसे ही एक त्योहार पर जब बिंदो और जग्गी गुरुद्वारे गए, तो हमेशा की तरह वे बरामदे में बैठ गए। जल्द ही बरामदा भर गया और अभी और भी लोग आ रहे थे। तभी एक युवा लड़का आया और उसने बिंदो से बाहर जाकर बैठने के लिए कहा।

बिंदो उठकर बाहर जाने ही वाली थी कि पीछे से एक आवाज़ आई—”श्रीमान जी, आप बाहर क्यों नहीं बैठते? इस औरत के साथ इसका बच्चा भी है, और ये आपसे पहले आई है!” उस आवाज़ में एक खास दृढ़ता थी। बिंदो ने मुड़कर देखा। एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति जय सिंह, जिसे वह अच्छी तरह जानती थी, अब उठकर खड़ा हो चुका था।

उसने बिंदो को वहीं बैठे रहने का इशारा किया।

“मैं इससे बात कर रहा हूँ, तुझसे नहीं। इसके साथ वाले बाकी सारे कीरे बाहर बैठे हैं, तो यह क्यों नहीं बैठ सकती?” उस युवा लड़के ने ऊँची आवाज़ में कहा।

“यह गुरु का घर है, और गुरु की हज़ूरी में सभी बराबर हैं। अपनी जाति को अपने पास रख, लड़की को अकेला छोड़ और आगे बढ़ जा।” जय सिंह के अंदाज़ में इतनी मजबूती थी कि तर्क-वितर्क की कोई गुंजाइश ही नहीं बची। लड़का झेंप गया और पीछे हट गया। कोई विवाद न खड़ा हो, इस डर से बिंदो, पाठ समाप्त होते ही बिना लंगर खाए, जग्गी को लेकर वापस चली गई।

← पिछली किस्त  · सभी किस्तें

अगली किस्त 04 — प्रतिभा पर संदेह →

रछपाल सहोता